जिम्बाब्वे में चुनाव परिणाम में हो रही देरी
जोहांसबर्ग/हरारे, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे में राष्ट्रपति चुनाव संपन्न होने के आठ दिन बाद भी परिणामों की घोषणा नहीं की गई है। वहीं राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे की पार्टी 'जानू-पीएफ' ने पुनर्मतगणना की मांग की है।
मुख्य विपक्षी पार्टी 'मूवमेंट फॉर डेमोक्रेटिक चेंज' (एमडीसी) ने हरारे के उच्च न्यायालय में चुनाव आयोग पर दबाव बनाने को लेकर अर्जी दाखिल की थी। न्यायालय ने इस संबंध में फैसला आगे टाल दिया है।
एमडीसी नेता मॉर्गन चांगिराई ने चुनाव में जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी को 50.3 फीसदी मत मिले हैं। वहीं दूसरी ओर एक गैरसरकारी संगठन ने कहा कि दोनों दलों में से किसी को भी पूर्ण बहुमत प्राप्त नहीं हुआ है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार जिम्बाव्बे के उप सूचना मंत्री ब्राइट माटोंगा ने कहा है कि मतगणना में हुई गलती के कारण मतों की गिनती एक बार फिर कराई जानी चाहिए।
मोगाबे की पार्टी 'जानू-पीएफ' ने निचले सदन में एमडीसी को चुनौती दी है। गौरतलब है कि 210 सदस्यीय निचले सदन में एमडीसी ने सत्तारूढ़ दल जानू-पीएफ को पछाड़ दिया है।
बदलते राजनीतिक घटनाक्रम में जिम्बाब्वे की राजनीति में प्रमुख माने जाने वाले पूर्व वित्त मंत्री सिंबा माकोनी ने कहा है कि वह एक नए दल का निर्माण करेंगे जो एमडीसी को समर्थन देगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications