माया ने राहुल के दलित प्रेम की खिल्ली उड़ाई
लखनऊ, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। बसपा सुप्रीमो और मुख्यमंत्री मायावती ने कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के दलित प्रेम की खिल्ली उड़ाते हुए कहा है कि दलितों के यहां से लौटने पर उन्हें स्पेशल साबुन से नहलाया जाता है और खुशबू वाली अगरबत्ती जलायी जाती है।
आजमगढ़ के केपीएस कालेज के मैदान पद बसपा प्रत्याशी अकबर अहमद डडम्पी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मायावती ने सभी दलों पर प्रहार किए लेकिन उनके मुख्य निशाने पर कांग्रेस ही थी। उन्होंने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर ने अपने आखिरी समय में कहा था कि मरते मर जाना लेकिन कांग्रेस के चार आने के भी मेंबर न बनना।
चुनावी सभा में सतीष मिश्रा के साथ न होने की वजह बताते हुए मायावती ने कहा कि पार्टी महासचिव सतीश मिश्रा दलितों के सम्मान की लड़ाई लड़ रहे हैं और इसी के तहत वह कल सुप्रीम कोर्ट में मुकदमा लड़ेंगे। इसकी तैयारी के चलते वह आज आजमगढ़ नहीं आ सके हैं।
विशाल चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मायावती ने कहा कि गद्दारों को चुनाव में सबक सिखाना है। उनका साफ इशारा गत चुनाव में बसपा के टिकट पर जीते रमाकांत यादव की ओर था जो इस चुनाव में भाजपा उम्मीदवार हैं।
अपने सवा घंटे के संबोधन में मायावती ने कांग्रेस, सपा और भाजपा पर अपने आरोप दोहराते हुए कहा कि ये तीनों ही जनता द्वारा नकारे जा चुके हैं और बसपा सरकार के खिलाफ षड़यंत्र करते रहते हैं जिससे सावधान रहने की जरूरत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications