शराब मुहैया कराने के आरोप में जेल अधीक्षक निलंबित
रायपुर, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ स्थित रायपुर सेंट्रल जेल में कैदियों को मोबाइल फोन, शराब और दूसरी सुविधाएं मुहैया कराने के आरोप में आज जेल अधीक्षक को निलंबित कर दिया गया।
अधिकारियों ने जानकारी दी है कि पिछले सप्ताह अपराध शाखा ने जेल अधीक्षक एस. के. मिश्रा और कई दूसरे अधिकारियों पर आरोप लगाया था कि ये लोग जेल में बंद महत्वपूर्ण कैदियों को नशीली दवाएं, शराब और मोबाइल फोन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बाद सोमवार को उन्हें निलंबित कर दिया गया।
जेल के उपमहानिरीक्षक पी. डी. वर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "दो अप्रैल को अपराध शाखा द्वारा छापेमारी के दौरान जेल से नशीली दवाएं, शराब और मोबाइल फोन बरामद किया गया था जिससे जेल अधिकारियों और कैदियों के संबंधों का खुलासा हुआ। इसके बाद जेल अधीक्षक मिश्रा को निलंबित कर दिया गया।"
उन्होंने कहा कि राज्य भर के जेल अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वह जेल के सभी कायदे और कानूनों का पूरी तरह पालन करें। गौरतलब है कि फिलहाल रायपुर सेंट्रल जेल में 2200 के आस पास कैदी हैं जिसमें 200 नक्सली कैदी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications