दस्त रोकने की जस्तायुक्त दवा बनाई भारत ने
नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। देश में बच्चों में दस्त रोकने वाली दवा ईजाद की गई है। दस्त की बीमारी से प्रतिवर्ष देश में पांच लाख से अधिक बच्चों की मौत हो जाती है।
विज्ञान एवं तकनीकी मंत्री कपिल सिब्बल ने यह जानकारी देते हुए कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने पहले ही दस्त रोकने के लिए पानी के साथ जस्ता के इस्तेमाल को उपयुक्त ठहराते हुए विभिन्न देशों में इसे प्रचलन में लाने की सिफारिश की है।
सिब्बल के अनुसार, "सरकार ने राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य अभियान के तहत पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों में दस्त के उपचार के लिए जस्ता के इस्तेमाल की योजना बनाई है।"
सिब्बल ने जानकारी दी कि जैव तकनीक विभाग और डब्ल्यूएचओ ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए आसानी से घुलने वाली व कम कीमत पर उपलब्ध टिकिया का निर्माण किया है।
मंत्री के अनुसार इस टिकिया का इस्तेमाल दस्त शुरू होने के दिन से ही करना होगा और लगातार 14 दिनों तक इसकी नियमित खुराक लेनी होगी।
बीस मिलीग्राम तात्विक जस्ता मिश्रित मीठे स्वाद की इस टिकिया का उत्पादन फ्रांसीसी कम्पनी न्यूट्रीसेट से प्राप्त तकनीक के आधार पर किया जाएगा।
भारत में इस टिकिया का उत्पादन सार्वजनिक क्षेत्र की उपक्रम इम्यूनोलॉजिकल्स एंड बायोलॉजिकल्स कॉपरेरेशन लिमिटेड (बीआईबीसीओएल) करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications