गिल को मंत्री बनाए जाने पर बिफरी भाजपा
नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एम. एस. गिल को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेसनीत केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील (संप्रग) सरकार में मंत्री बनाये जाने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बिफर गई है। पार्टी ने उनकी नियुक्ति के औचित्य पर सवाल उठाया है।
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, "चुनाव आयोग जैसी अहम संवैधानिक संस्था का नेतृत्व कर चुके एक व्यक्ति को केंद्र सरकार में मंत्री बनाये जाने का कोई औचित्य नहीं था। इससे गलत परम्परा की शुरुआत होगी।" उन्होंने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों की राजनीतिक पदों पर नियुक्ति नहीं की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि गिल को कांग्रेस टिकट पर पहले राज्य सभा पहुंचाया गया और अब उन्हें मंत्री बनाया गया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल में उनकी नियुक्ति से ऐसा लगता है कि कांग्रेस ने चुनाव आयुक्त का मुखिया रहते उनके द्वारा पूर्व में किये गये कामों का मानो इनाम दिया है।
जावड़ेकर ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में किसे शामिल करना है और किसे नहीं, यह प्रधानमंत्री का विशेषाधिकार है और कांग्रेस का अंदरूनी मामला है लेकिन मंत्रिमंडल में गिल की नियुक्ति से गलत परम्परा की शुरुआत होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications