मध्य प्रदेश में सिमी के आठ कार्यकर्ता गिरफ्तार (लीड)
भोपाल, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा सोमवार को तीन जिलों में की गई संयुक्त कार्यवाई में स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेन्ट आफ इन्डिया (सिमी) के आठ सदस्य गिरफ्तार किए गए। गुना से पांच, सीहोर से दो और इन्दौर से एक की गिरफ्तारी हुई है।
पुलिस द्वारा विभिन्न ठिकानों पर मारे गए छापों में पुलिस को सबसे प्रमुख सफलता इन्दौर में मिली जहां खजराना इलाके से एक इंजीनियर नावेद इरफान को गिरफ्तार किया गया। इंदौर के पुलिस अधीक्षक अंशुमान यादव ने बताया कि नावेद भोपाल के एक दुपहिया वाहन के शोरूम में बतौर सर्विस इंजीनियर कार्यरत है। पुलिस के अनुसार नावेद लम्बे अरसे से सिमी के लिए काम कर रहा था और उसे उसके इन्दौर स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को दूसरी बड़ी सफलता गुना के चाचौड़ा इलाके में मिली। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि उबेग शाह, फरीद खान, अब्दुल मुबीन, जहीर और अब्दुल करीम को गिरफ्तार किया गया है। इन लोगों की गिरफ्तारी सीहोर और धार से मिली जानकारियों के आधार पर की गई। पुलिस ने इनके पास से सिमी का साहित्य और दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
इसी तरह सीहोर पुलिस ने अब्दुल करीम अंसारी और रफीक को गिरतार किया है। सीहोर के पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र प्रसाद के मुताबिक इन लोगों के सिमी प्रमुख से सीधे सम्पर्क हैं और इनकी पुष्टि हो गई हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications