अमेरिका-उत्तर कोरिया राजदूतों के बीच सिंगापुर में परमाणु वार्ता
सिंगापुर, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका और उत्तरी कोरिया के बीच मंगलवार को सिंगापुर में लंबे समय से रुकी परमाणु वार्ता की सकारात्मक शुरुआत होने के आसार दिखाई दे रहे हैं।
अमेरिकी विदेश विभाग ने हालांकि कहा है कि इस बातचीत से अधिक उम्मीद नहीं रखी जानी चाहिए।
समाचार एजेंसी डीपीए ने एक राजनयिक सूत्र के हवाले से कहा कि उत्तरी कोरिया के प्रमुख परमाणु वार्ताकार किम के ग्वान का सिंगापुर आना एक सकारात्मक पहल है।
दूसरी ओर अमेरिकी वार्ताकार क्रिस्टोफर हिल ने भी उम्मीद जाहिर की है कि सिंगापुर बैठक में मसले पर कुछ प्रगति होगी।
इस बैठक में अमेरिका उत्तरी कोरिया के साथ उसकी परमाणु गतिविधियों पर रोक लगाने के विषय पर बात करेगा।
इससे पूर्व प्योंगयांग ने कहा था कि वह परमाणु गतिविधियां रोकने पर एक सूची कई माह पूर्व दे चुका है, लेकिन अमेरिका का कहना है कि उसमें यूरेनियम संवर्धन और सीरिया को दी जाने वाली मदद का ब्योरा नहीं है।
सिंगापुर के विदेश मंत्रालय ने जारी एक बयान में कहा है, "सिंगापुर को उम्मीद है कि दोनों पक्षों के बीच सुखद माहौल में वार्ता होगी जिससे छह राष्ट्रों की बैठक का मार्ग स्पष्ट होगा जिससे कोरियाई प्रायद्वीप में परमाणु हथियारों की होड़ पर विराम लग सकेगा।"
गौरतलब है कि वाशिंगटन छह राष्ट्रों की बैठक से पूर्व समूचे परमाणु कार्यक्रम को बंद कराने का पक्षधर है। इन छह राष्ट्रों में अमेरिका, उत्तर कोरिया, चीन, जापान, रूस और दक्षिण कोरिया हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications