भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त भी करेंगे नेपाल चुनाव का निरीक्षण
काठमांडू, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। यहां होने जा रहे चुनाव का निरीक्षण करने के लिए भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त एन. गोपालस्वामी मंगलवार को नेपाल पहुंचेंगे। यहां संविधान सभा का चुनाव गुरुवार को होगा।
नेपाल सरकार के बुलावे पर दक्षिण एशिया क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) के प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य के रूप में गोपालस्वामी यहां जाएंगे।
नेपाल सरकार ने चुनाव के निरीक्षण के लिए 100 से अधिक टीमों को आमंत्रित किया है। इस चुनाव के बाद नेपाल का संविधान लिखा जाएगा और 250 साल पुराने शाही राजतंत्र के भविष्य को निर्धारित किया जाएगा।
नेपाल में शांति एवं स्थायित्व के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माने जा रहे इस चुनाव का निरीक्षण करने के लिए सोमवार शाम तक पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति और नोबेल पुरस्कार विजेता जिमी कार्टर नेपाल पहुंच रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र (यूएन) और यूरोपीय संघ (ईयू) के भी प्रतिनिधिमंडल इस चुनाव का निरीक्षण करने आने वाले हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला ने यूएन के महासचिव बान की-मून को भी व्यक्तिगत आमंत्रण भेजा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।