पूर्वोत्तर के पत्रकारों ने की प्रधानमंत्री से सुरक्षा की मांग
नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। पूर्वोत्तर के राज्यों में अपने ऊपर हो रहे हमले के मद्देनजर पत्रकारों के एक संगठन ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पत्र लिखा है।
नई दिल्ली में पूर्वोत्तर के पत्रकारों के संगठन 'नार्थ ईस्ट मीडिया फोरम' (एनईएमएफ) ने पूर्वोत्तर में पत्रकारों की स्थिति से प्रधानमंत्री को अवगत कराया गया।
पत्र में कहा गया है, "पूर्वोत्तर में काम करने वाले पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में काम कर रहे हैं। उन्हें काफी वेतन मिलता है साथ ही सच लिखने पर उन पर जानलेवा हमले भी किए जाते हैं।"
प्रधानमंत्री से अपील करते हुए संगठन ने कहा, "हम आपसे अपील करते हैं कि आप पूर्वोत्तर के पत्रकारों को सुरक्षा मुहैया कराने के प्रति हमें आश्वस्त करें।"
गौरतलब है कि असम में एक अप्रैल को एक दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार मोहम्मद मुस्लिमुद्दीन की हत्या कर दी गई थी। दरअसल, उन्होंने 'असोमिया प्रतिदिन' नामक दैनिक समाचार पत्र में अपराधी और राजनीतिज्ञों के बीच सांठ-गांठ पर रिपोर्ट प्रकाशित की थी।
पत्र में कहा गया है कि वर्ष 1987 से पूर्वोत्तर में लगभग बीस पत्रकारों की हत्या हुई है जिसमें सबसे अधिक असम में पत्रकारों की हत्या हुई। संगठन ने कहा है कि पत्रकारों की हत्या मामलों को अभी तक सुलझाया नहीं जा सका है।
वहीं दूसरी ओर मणिपुर में प्रतिबंधित संगठन 'पीपुल्स यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट' (पीयूएलएफ) द्वारा चार पत्रकारों को अगवा किए जाने की धमकी मिलने के बाद मीडियाकर्मियों ने 21 मार्च से काम रोक दिया है।
पीयूएलएफ ने समाचार पत्रों से कहा था कि वे संगठन के प्रेस विज्ञप्ति को प्रकाशित करें जबकि ऐसा करने से समाचार पत्रों ने इंकार कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications