गिल नए खेल मंत्री, कई के विभाग बदले (लीड-1)
नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने मंत्रिपरिषद में सात नए चेहरे शामिल किए हैं जिनमें दो युवा सांसद शामिल हैं। पूर्व चुनाव आयुक्त एम. एस. गिल स्वतंत्र प्रभार के साथ राज्यमंत्री बनाए गए हैं। उन्हें खेल एवं युवा मामलों का विभाग सौंपा गया है। इसके साथ ही कई मंत्रियों के विभाग भी बदले गए हैं।
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने आज एक सादे समारोह में नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
नए राज्य मंत्रियों में ज्योतिरादित्य सिंधिया को सूचना प्रौद्योगिकी और जितिन प्रसाद को इस्पात मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है। इससे पहले अखिलेश दास के पास इस्पात मंत्रालय था। वी. नारायणसामी संसदीय मामले और योजना विभाग का कार्य देखेंगे। इससे पहले यह विभाग सुरेश पचौरी के पास था।
इसी तरह दासरी नारायण राव के स्थान पर संतोष बागरोडिया को कोयला मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है। रघुनाथ झा को भारी उद्योग और सार्वजनिक उद्यम मंत्रालय दिया गया है। इससे पूर्व राजद की ही कांति सिंह इस विभाग का कामकाज देख रही थीं। कांति सिंह को अब पर्यटन और संस्कृति मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है। रामेश्वर उरांव को जनजातीय मामलों का विभाग दिया गया है।
इसके साथ ही कई राज्य मंत्रियों के विभाग बदल दिए गए हैं। इनमें बी.के. हांडिक को संसदीय कार्य की जगह रसायन व उर्वरक राज्य मंत्री बनाया गया है। पवन कुमार बंसल को वित्त के अलावा अब संसदीय कार्य मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। शकील अहमद को संचार के स्थान पर गृह, पृथ्वीराज चव्हाण को प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ अब कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन निवारण की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। जयराम रमेश को अब वाणिज्य के साथ अब ऊर्जा मंत्रालय का प्रभार भी सौंपा गया है।
मंत्रिमंडल विस्तार से कुछ समय पहले कांग्रेस के छह राज्य मंत्रियों ने अपना इस्तीफा सौंप दिया था। जिसे राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया था। इस्तीफा देने वाले छह मंत्रियों में सुरेश पचौरी (कार्मिक और संसदीय कार्यो के मंत्री), दासारी नारायण राव (कोयला), एम. वी. राजशेखरन (योजना), टी. सुब्बिरामी रेड्डी (खदान), अखिलेश दास (इस्पात) और मणिराव गवित (गृह) शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications