तेलंगाना पर टीडीपी ने बनाई समिति
हैदराबाद, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। अपनी पार्टी में बढ़ते हुए दबाव को ध्यान में रखते हुए आंध्र प्रदेश की मुख्य विपक्षी तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) ने आज अलग तेलंगाना राज्य की मांग की समीक्षा के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की।
पार्टी के पांच वरिष्ठ नेताओं की यह समिति विभिन्न पहलुओं के मद्देनजर अलग तेलंगाना राज्य की मांग पर अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेंगी।
समिति में पूर्व मंत्री व तेलंगाना राज्य के एक प्रमुख नेता टी. देवेन्दर गौड़ और पार्टी के संसदीय दल के नेता के. येरन नायडु के अलावा पूर्व मंत्री वाई. रामकृष्णुडु, एन. जनार्दन रेड्डी व के. कृष्णमूर्ति शामिल हैं।
यह समिति ऐसे समय में गठित की गई है, जब तेलंगाना क्षेत्र में लोकसभा की चार सीटों और विधानसभा की 16 सीटों के उप चुनाव होने जा रहे हैं।
गौरतलब है कि वरिष्ठ टीडीपी नेताओं में गौड और के. श्रीहरि ने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी की तेलंगाना नीति को स्पष्ट करने की मांग की थी। इन नेताओं का यह मानना है कि क्षेत्र के लोगों में अलग राज्य की भावना प्रबल है और इसे पार्टी को ध्यान में रखना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications