मलेशिया में अवैध रूप से रहने वाले भारतीयों की संख्या में वृद्धि
कुआलालंपुर, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। पर्यटक वीजा पर मलेशिया पहुंच कर वहां अवैध तरीके से लंबे समय तक रहने वाले भारतीयों की संख्या में गत छह माह में दोगुनी वृद्धि हुई है।
मलेशिया के मानवाधिकार आयोग ने इसे चिंताजनक स्थिति करार दिया है। आयोग के कमिश्नर एन. शिवसुब्रमण्यम ने स्थानीय तमिल समाचार पत्र 'तमिल नेशन' को जानकारी दी कि हिरासत में लिए जाने वाले ऐसे अनेक भारतीय अपने बारे में पुख्ता जानकारी नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोग गैरकानूनी एजेंटों के झांसे में फंस कर गलत काम कर बैठते हैं। गैरकानूनी एजेंट पर्यटकों को नकली 'वर्क परमिट' पकड़ा कर स्वयं गायब हो जाते हैं।
गौरतलब है कि मलेशिया को अपने यहां काम के लिए विदेशियों की जरूरत रहती है लेकिन साथ ही विकासशील देशों से आने वाले पर्यटकों और कामगारों की समस्या से भी जूझना पड़ता है जो पैसा कमाने के लिए गैरकानूनी तरीके से वहां रुक जाते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications