घातक बीमारियों के इलाज में सहायक हो सकते हैं घड़ियाल
वाशिंगटन, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। घड़ियाल मनुष्य की सिर्फ जान ही नहीं लेता बल्कि उनको जीवनदान भी दे सकता है।
एक नए अध्ययन में यह तथ्य सामने आया है कि घड़ियाल के रक्त में पाया जाने वाला प्रोटीन लोगों को कई बीमारियों से बचा सकता है।
जैव रसायन वैज्ञानिकों ने बताया कि घड़ियाल के रक्त में कुछ ऐसे प्रोटीन होते हैं जो मनुष्यों में होने वाले मधुमेह, अल्सर तथा दूसरी बीमारियों को दूर करने में सहायक हो सकते हैं।
अमेरिकन कैमिकल समिति के एक सम्मेलन में मेकनीज स्टेट विश्वविद्यालय के अनुसंधानकर्ता मार्क मर्चेट ने कहा, "हम इसके निष्कर्ष को देखकर बहुत उत्साहित हैं। घड़ियाल के रक्त में होने वाले प्रोटीन संक्रमण रहित हैं और ये मनुष्य की कई बीमारियों को दूर करने में सहायक साबित होंगे।"
उन्होंने बताया कि मनुष्यों को वायरस, जीवाणु और कई तरह के संक्रमण से बचाने में घड़ियाल के प्रोटीन बहुत ही उपयोगी हो सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि घड़ियालों की प्रतिरक्षा क्षमता मनुष्य की प्रतिरक्षा क्षमता से कई गुना अधिक होती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications