अफगानिस्तान में तालिबान कमांडर गिरफ्तार
काबुल, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण अफगानिस्तान में पुलिस ने शनिवार को वरिष्ठ तालिबानी नेता मुल्ला अब्दुल जबर को गिरफ्तार कर लिया।
साथ ही इस इलाके में उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) व अफगानिस्तानी सेना के संयुक्त सैन्य अभियान में सैनिकों ने 15 आतंकवादियों को मार गिराया।
अफगानिस्तान पुलिस ने बताया कि शनिवार को तालिबानी नेता जबर को कंधार प्रांत से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक जबर कुख्यात आतंकवादी मुल्लाह मंसूर दादुल्लाह का उप कमांडर था।
दादुल्लाह को पाकिस्तान पुलिस ने फरवरी में ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं दूसरी ओर एक सप्ताह पहले कंधार प्रांत के जेहारी जिले में छेड़े गए नाटो समर्थित सैन्य अभियान में शनिवार को सेना ने 15 आतंकवादियों को मार गिराया।
सुरक्षा मंत्रालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक सेना ने पांच आतंकवादियों को तो जिले के खेलगांव में मार गिराया था जबकि अन्य 10 आतंकवादी जफर खेल गांव में सेना के हत्थे चढ़े थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।