भोपाल में पर्चा बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़
भोपाल, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। भोपाल पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो पुलिस उपनिरीक्षक पद के लिए होने वाली परीक्षा का पर्चा बेचने का काम कर रहा था। पुलिस ने इस मामले में एक मीडियाकर्मी सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।
व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा मध्यप्रदेश में 317 उप निरीक्षकों की भर्ती के लिए रविवार को परीक्षा आयोजित की। परीक्षा में 28 हजार से अधिक प्रतिभागी सम्मिलित हुए। परीक्षा से पहले कुछ लोगों ने पर्चा लीक होने की अफवाह उड़ा दी और उसके लिए सौदेबाजी भी शुरू कर दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जी. के. पाठक ने बताया है कि गिरोह के सदस्यों ने कई लोगों से सम्पर्क किया और परीक्षा का पर्चा अपने पास होने का दावा भी किया। गिरोह ने जिनसे सम्पर्क किया उनमें दो लोग पुलिस कर्मी थे। इन पुलिस कर्मियों ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी, जिस पर अमल किया गया और गिरोह पुलिस के जाल में फंस गया।
पुलिस ने पहले इन लोगों के फोन रिकार्ड किए उसके बाद पुलिस दल उन स्थानों पर पहुंचा गया जहां से पर्चा वितरण की बात कही गई थी। शनिवार की रात को पुलिस ने इस गिरोह के मुखिया एक मीडियाकर्मी राजेश पटेल के साथ आठ अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इन लोगों के पास कई दस्तावेज बरामद किए हैं जिनकी जांच की जा रही है। यह गिरोह एक से दो लाख रूपये तक में पर्चा बेच रहा था मगर वह पुलिस की गिरफ्त में आ गया। जहांगीराबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
व्यावसायिक परीक्षा मंडल के नियंत्रक सुधीर सिंह भदौरिया ने आईएएनएस को बताया कि जो गिरोह पुलिस ने पकड़ा है उसके पास से कोई प्रश्नपत्र नहीं मिला है। इसलिए परीक्षा यथावत कराई जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।