शुक्र का प्रारंभिक विकास पृथ्वी से तेज
लंदन, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। पृथ्वी का जुड़वां ग्रह माने जाने वाले शुक्र का वातावरण पृथ्वी से काफी अलग है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसा इसलिए है क्योंकि दोनों ग्रहों के विकास की गति में अंतर है।
आक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के फ्रेड टेलर के अनुसार अपने शुरुआती वर्षो में पृथ्वी की तुलना में शुक्र का विकास बहुत तेज गति से हुआ।
उन्होंने कहा कि ये जानकारियां उन्हें यूरोपीय वीनस एक्सप्रेस अंतरिक्ष यान से मिली हैं जो इस समय शुक्र की परिक्रमा कर रहा है।
अंतरिक्ष यान से मिले आंकड़ों के अनुसार शुक्र के धरातल पर भारी मात्रा में जल था लेकिन कुछ भौतिक कारणों से वहां का पानी अब समाप्त हो चुका है।
टेलर ने कहा कि इस यान की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि पृथ्वी और शुक्र की दशाओं का अध्ययन अब एक ही तरीके से किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि रोचक तथ्य यह है कि दोनों ग्रहों की जलवायु को समझने के लिए एक जैसे नियमों का सहारा लिया जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।