झारखंड में सरकार से समर्थन वापसी को आतुर कांग्रेस
रांची, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड में मधु कोड़ा सरकार पर एक बार फिर से संकट के बादल मंडराने लगे हैं। दरअसल कांग्रेस ने इस सरकार से समर्थन वापस लेने के लिए गुटबंदी तेज कर दी है।
कांग्रेस पार्टी की दो दिवसीय कार्यशाला के दौरान झारखंड में कांग्रेस पार्टी के प्रभारी अजय माकन ने बताया, "सरकार से समर्थन वापस लेने के लिए हम झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) से बातचीत कर रहे हैं।"
माकन ने कहा कि अगर दोनों दलों ने जल्द ही इस संबंध में कोई फैसला नहीं लिया तो कांग्रेस ही इस बाबत पहल करेगी।
कार्यशाला में कांग्रेस कार्यकताओं ने भी कोड़ा सरकार को समर्थन देने पर ऐतराज जताया।
वहीं दूसरी ओर राज्य के मानव संसाधन विकास मंत्री बंधु टिरके ने कहा कि कांग्रेस इस मामले में जल्दबाजी कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ऐसी बयानबाजी से राज्य में विपक्षी दलों को फायदा पहुंचेगा। गौरतलब है कि बीते नवंबर में भी कांग्रेस ने कोड़ा सरकार से समर्थन वापस लेने की धमकी दी थी।
पार्टी की ओर से इस सरकार को अपनी कार्यप्रणाली सुधारने के लिए 60 दिन का नोटिस भी जारी किया गया था।
लेकिन तब भी केन्द्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव की पहल पर कांग्रेस ने इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया था।
याद रहे कि कांग्रेस के नौ विधायक झारखंड सरकार को समर्थन दे रहे हैं। यदि कांग्रेस ने समर्थन वापस ले लिया तो यह सरकार अल्पमत में आ सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।