राहुल चाहते थे संगठन का काम करना : सोनिया
नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस पार्टी की अध्यक्षा सोनिया गांधी ने कहा कि वह स्वयं और पार्टी चाहती थी कि राहुल गांधी मंत्रिमंडल के सदस्य बनें लेकिन राहुल चाहते हैं कि उन्हें संगठन में ही अपनी जिम्मेदारी को निभाने दिया जाए।
सोनिया गांधी ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "पार्टी की इच्छा थी कि राहुल गांधी सरकार में शामिल हों लेकिन उन्होंने अपनी इच्छा व्यक्त करते हुए कहा कि फिलहाल पार्टी में मिली जिम्मेदारी को ही वह निभाना चाहते हैं।"
राष्ट्रपति भवन के अशोका हॉल में शपथ ग्रहण समारोह के बाद सोनिया गांधी ने चायपान के दौरान यह बात कही। गौरतलब है कि राहुल गांधी अमेठी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के सांसद और पार्टी के महासचिव है। राहुल को फिलहाल युवा कांग्रेस संगठन का कार्यभार सौंपा गया है।
आज प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए ज्योतिरादित्य, सचिन और जितिन प्रसाद जैसे युवा चेहरे को शामिल किया है। इस पर सोनिया ने कहा, "सरकार में युवा चेहरे की जरूरत थी। इसलिए यह विस्तार हुआ है।"
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि वह अपने पद पर बने रहेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications