ईरान 8 अप्रैल को मनाएगा परमाणु प्रौद्योगिकी दिवस
तेहरान, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान आगामी 8 अप्रैल को अपना दूसरा परमाणु प्रौद्योगिकी दिवस मनाएगा। इस मौके पर वह देश के समक्ष परमाणु प्रौद्योगिकी क्षेत्र में अपनी नई उपलब्धि गिनाएगा।
ईरान सरकार के प्रवक्ता गुलाम हुसैन एल्हाम ने शनिवार को पत्रकारों से कहा, "हमारा लक्ष्य हमेशा से परमाणु ईंधन उत्पादन करने का रहा है। हम 20,000 मेगावाट परमाणु बिजली के उत्पादन क्षमता वाले संयंत्र का विकास करना चाहते हैं।"
उन्होंने कहा, "अपने दुश्मनों और अमेरिका के सहयोगियों की तरफ से रुकावट डाले जाने के बावजूद हम अपनी जनता से परमाणु क्षेत्र में नई उपलब्धि की चर्चा करेंगे।"
उल्लेखनीय है कि ईरान अमेरिका द्वारा लगाए गए तीन दौर के आर्थिक प्रतिबंधों को झेल चुका है। कुछ पश्चिमी देशों का आरोप है कि ईरान परमाणु ऊर्जा के बहाने परमाणु हथियार का विकास कर रहा है।
इससे पहले पिछले वर्ष ईरान ने अपना पहला परमाणु दिवस मनाया था। उस दिन ईरान में यूरेनियम संवर्धन का एक वर्ष पूरा हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।