राष्ट्र के खिलाफ लिखने वाले चीनी नागरिक को कैद
बीजिंग, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। चीन के खिलाफ लेख लिखने के जुर्म में 'फर्स्ट इंटरमीडिएट पीपुल्स कोर्ट' ने गुरुवार को एक व्यक्ति को साढ़े तीन साल के कारावास की सजा सुनाई।
चीनी अपराध कानून के तहत 34 वर्षीय हू जिया को यह सजा सुनाई गई। हू पर आरोप है कि उन्होंने अगस्त 2006 से लेकर अक्टूबर 2007 तक कई विदेशी वेबसाइटों पर चीन के बारे में गलत जानकारी दी।
हू ने दो लेखों में चीन की राजनीतिक व्यवस्था पर अपने विचार व्यक्त किए थे। इन लेखों को लेकर अदालत ने हू को दोषी पाया।
अदालत ने कहा कि हू के आलेखों और उनके साक्षात्कारों को कई विदेशी वेबसाइटों पर देखा गया। चीन की अपराध कानून की धारा 105, 56 और 55 के तहत अदालत ने हू को दोषी पाया।
समाचार एजेंसी जिनहुआ के अनुसार हू एक कॉलेज डिग्री धारक हैं और बेरोजगार हैं। जब अदालत में उन्हें सजा सुनाई जा रही थी तो उस समय उनके पारिवारिक सदस्य भी मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*