माकपा के पुणे कार्यालय पर हमला, तीन घायल
पुणे, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। 'हिन्दू गर्जना' नामक स्थानीय संगठन के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पुणे स्थित मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यालय पर हमला बोल दिया।
इस हमले में माकपा के तीन कार्यकर्ता घायल हो गये हैं जबकि वहां खड़ी कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है।
केरल के कन्नूर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकताओं की जो कथित तौर पर हत्या की जा रही है, उसके विरोध में उक्त हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं ने आज यह हमला किया।
हिन्दू गर्जना के मुखिया धीरज घाटे ने कहा, "मैं भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कार्यकर्ता रह चुका हूं। माकपा को अब हर जगह इसी प्रकार से जवाब दिया जायेगा।"
पुलिस उपायुक्त राजेन्द्र सोनावने ने बताया कि हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता जिस प्रकार नारे लगा रहे थे उससे लगता है कि वह भाजपा के कार्यकर्ता थे।
उन्होंने बताया कि माकपा कार्यालय के सचिव अजीत अभ्यंकर ने सुबह पुलिस को इस बारे में सूचना दी।
सोनावने ने बताया कि घायलों का बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नितिन गड़करी ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है इसलिए वह कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है।
जबकि भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति पर संदेह व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को आरएसएस की स्थानीय इकाई ने केरल की घटना के विरोध में प्रदर्शन किया था। ऐसी ही एक रैली का आयोजन औरंगाबाद में किया गया था जिसमें माकपा के झंडे जलाये गये थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।