बिहार में वकीलों ने बढ़ाई हड़ताल की समय सीमा
पटना, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। पिछले तीन दिनों से हड़ताल पर गए बिहार के वकीलों ने अपने आंदोलन को तेज करते हुए इसे सात अप्रैल तक जारी रखने का फैसला किया। हड़ताली कर्मचारी राज्य सरकार द्वारा अदालती शुल्क बढ़ाए जाने का विरोध कर रहे हैं।
राज्य के सारे वकील सोमवार से ही तीन दिनों की हड़ताल पर हैं। इसके कारण पूरे राज्य में अदालती कामकाज प्रभावित हुआ है। इस बीच सरकार ने वकीलों की मांग को खारिज कर दिया।
इसके बाद बुधवार को पटना उच्च न्यायालय में बार एसोसिएसन की एक बैठक के बाद वकीलों ने सात अप्रैल तक हड़ताल जारी रखने का फैसला किया है।
पटना उच्च न्यायालय के वरिष्ठ वकील एम. पी. गुप्ता ने कहा, "वकीलों के हड़ताल पर चले जाने से अदालती कामकाज पूरी तरह ठप्प हो गया है और हमलोग उस समय तक हड़ताल जारी रखेंगे जब तक की हमारी मांगे नहीं मानी जाती है।"
बिहार के उद्योग मंत्री गौतम सिंह ने अदालती शुल्क घटाए जाने को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा, "राज्य प्रत्येक वर्ष न्याय प्रणाली पर 191 करोड़ रुपये खर्च करती है और शुल्क के रूप में सिर्फ 20 करोड़ रुपये प्राप्त होते हैं। ऐसी स्थिति में मैं यह नहीं सोचता कि यह शुल्क ज्यादा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।