मप्र में सिमी के पांच कार्यकर्ता गिरफ्तार (लीड)
इंदौर, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में आज प्रतिबंधित संगठन स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेन्ट ऑफ इंडिया (सिमी) के पांच कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इंदौर से सिमी के तीन और खंडवा से दो कार्यकर्ता गिरफ्तार किए गए। इनके पास से आपत्तिजनक साहित्य के अलावा सिमी की गतिविधियों का खुलासा करने वाले दस्तावेज मिले हैं
पिछले एक सप्ताह से मध्य प्रदेश में सिमी की गतिविधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई में अब तक कुल 24 सदस्यों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
इंदौर से गिरफ्तार किए गए सदस्यों के पास से आपत्तिजनक साहित्य के अलावा कुछ ऐसे दस्तावेज मिले हैं जो प्रदेश में सिमी की बढ़ती गतिविधियों का खुलासा करने वाले हैं। इंदौर के पुलिस अधीक्षक अंशुमान यादव ने आईएएनएस को बताया कि पुलिस ने अमान, इरफान छीपा और जाकिर लाला को गिरफ्तार किया हैं।
पुलिस के अनुसार अमान के सिमी से लंबे अरसे से ताल्लुकात हैं। वह ट्रेनिंग कैम्प में भी हिस्सा ले चुका है। इन पर इससे पहले सिमी के लिए धन जुटाने और सदस्य बनाने का काम करने वाले तीन लोगों को इंदौर पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
इंदौर के सदर बाजार इलाके के जूना रिसाला में चूड़ी का कारोबार करने वाले इरफान छीपा के सिमी के प्रदेश प्रमुख कमरूद्दीन नागौरी और परवेज आलम से सीधे सम्पर्क हैं। यह संगठन को मजबूत करने के लिए काम करता है और नए नए सदस्यों को जोड़ने में अहम भूमिका निभाता हैं।
इसी तरह जाकिर लाला को पुलिस ने पकडा हैं। यह वह शख्स है जो नौजवानों को भड़काने का काम करके सिमी के लिए धन जुटाता हैं। जाकिर लम्बे अरसे से सिमी के लिए काम कर रहा हैं और इसके सिमी के प्रमुख सदस्यों से सीधे तार जुड़े हुए हैं।
खंडवा जिले के सिविल लाइन क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए सिमी कार्यकर्ताओं के नाम जफर कुरैशी और मोहम्मद सादिक हैं। इस संबंध में पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार ने पुष्टि की।
मध्य प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों में सिमी कार्यकर्ताओं की तलाशी का सिलसिला भी जारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*