रिलायंस एंटरटेनमेंट खोलेगी अमेरिका में सिनेमाघरों की श्रृंखला
मुंबई, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। रिलायंस एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड (आरईपीएल) ने अगले महीने से अमेरिका में 'बिग' ब्रांड के नाम से सिनेमाघरों की एक श्रृंखला शुरू करने की पूरी तैयारी कर ली है।
इसके तहत लगभग 200 सिनेमाघरों में हिंदी और भारत की अन्य क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्में दिखायी जाएंगी।
इस बारे में कंपनी के एक अधिकारी ने कहा, "हमने कुछ शहरों में जिन सिनेमाघरों का अधिग्रहण किया है उनके पुनर्निर्माण का कार्य चल रहा है। सिनेमाघरों के खुलने के बारे में औपचारिक घोषणा बाद में की जाएगी।"
गौरतलब है कि पिछले एक वर्ष के दौरान रिलायंस एंटरटेनमेंट ने उत्तरी अमेरिका के 28 शहरों में 200 से अधिक सिनेमाघरों का अधिग्रहण किया है। इन शहरों में न्यूयार्क, लास एंजलिस, शिकागो, अटलांटा, डेट्रायट और वाशिंगटन जैसे शहर शामिल हैं।
लंबे समय के लिए किराए (लीज) पर लिए गए ये सिनेमाघर कंपनी के नये ब्रांड 'बिग' के नाम से जाने जाएंगे। गौरतलब है कि भारत में कंपनी के सिनेमाघरों को एडलैब्स के नाम से जाना जाता है।
हिंदी और अन्य भाषाओं की फिल्मों के निर्माण के क्षेत्र में उतरने के बाद अब आरईपीएल वितरण में भी हाथ आजमा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।