नाटो के विस्तार पर कोई समझौता नहीं : बुश
कीव, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति जार्ज बुश ने मंगलवार को कहा कि जार्जिया और यूक्रेन को नाटो सदस्यता पर अमेरिकी समर्थन की वापसी को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि रूस द्वारा यूरोप में अमेरिकी मिसाइल रक्षा प्रणाली तैनात किए जाने की स्वीकार्यता के एवज में इन दोनो देशों को नाटो सदस्यता के लिए मिल रहे अमेरिकी समर्थन वापस लेने का सवाल ही नहीं उठता है।
यूक्रेन की अपनी यात्रा पर राजधानी कीव में राष्ट्रपति विक्टर युश्चेंको से बातचीत के बाद बुश ने दोनों पूर्व सोवियत राज्यों के नाटो सदस्यता संबंधी मेम्बरशिप एक्शन प्लान (एमएपी) का समर्थन किया।
गौरतलब है कि पूर्व सोवियत राज्यों जार्जिया और यूक्रेन द्वारा नाटो सदस्यता लेने के प्रयासों पर रूस ने नाराजगी जताई है।
रूस का कहना है इससे क्षेत्र में पश्चिमी फौजी ताकतों का दखल बढ़ जाएगा। अमेरिका द्वारा पोलैंड और चेक गणराज्य में अपने मिसाइल रोधकों और राडार स्थापित किए जाने पर भी रूस ने कड़ा एतराज किया है।
रूस का कहना है कि मिसाइल उसकी रक्षा के लिए खतरा हैं। गौरतलब है कि नाटो की सदस्यता प्राप्ति हेतु यूक्रेन के राष्ट्रपति युश्चेंको ने देश में जनमत संग्रह कराने का वादा दोहराया है।
उन्होंने कहा, "हम नाटो सदस्यता के लिए जनमत कराएंगे। यूक्रेनी समझदार लोग हैं और वह अपने फैसले लेना जानते हैं।" उन्होंने कहा कि नाटो सदस्यता देश के बुनियादी हितों के पक्ष में होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।