हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स में पहली बार हड़ताल
कोलकाता, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। लगभग 1.2 अरब रुपये के निवेश वाली पश्चिम बंगाल की हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स को 2001 में अपनी स्थापना के बाद से पहली बार हड़ताल का सामना करना पड़ेगा।
यह हड़ताल आगामी आठ अप्रैल को कंपनी के अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करने के लिए की जा रही है।
हड़ताल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की मजदूर संघ 'सेंटर फार इंडियन ट्रेड यूनियन' (सीटू) द्वारा आयोजित की गई है।
सीटू के सदस्य और संघ की हल्दिया शाखा के सचिव अशोक पटनायक ने कहा, "लंबे समय से हम 1500 अस्थायी कर्मचारियों में से 183 को नियमित करने की मांग कर रहे हैं लेकिन प्रबंधन के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। ऐसे में यह हड़ताल हमारे विरोध का पहला कदम है।"
कंपनी द्वारा एक वक्तव्य में कहा गया है कि प्रबंधन एक सर्वस्वीकृत हल पर पहुंचने की कोशिश कर रहा है।
गौरतलब है कि यह कंपनी पश्चिम बंगाल विकास निगम, द चटर्जी पेट्रोकेम (मारीशस) और टाटा समूह का संयुक्त उद्यम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*