राजधानी में कॉल सेंटर की महिला के साथ छेड़छाड़
नई दिल्ली, 31 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पीतमपुरा क्षेत्र में आज सुबह तीन बजे अपने सहकर्मी के साथ मोटरसाइकिल से लौट रही एक महिला के साथ चार व्यक्तियों ने बदसलूकी की। महिला और सहकर्मी गुड़गांव के कॉल सेंटर में काम करते हैं।
घटना तब हुई जब एक पार्टी से लौट रहे सहकर्मी और महिला को महिंद्रा जीप में सवार चार व्यक्तियों ने रोका और महिला को जबरन अपनी जीप में बैठाने की कोशिश करने लगे।
महिला के सहकर्मी द्वारा पुलिस को दिए गए बयान में कहा गया है कि चारों ने उन्हें रोककर मोटरसाइकिल की चाबियां छीन लीं और दोनों को गालियां बकीं और उनके साथ हाथापाई करने लगे।
सहकर्मी के अनुसार चारों व्यक्ति महिला को खींचकर जीप तक ले गए। सहकर्मी द्वारा विरोध किए जाने पर उसे पीटा गया जिसके बाद उसने किसी तरह पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस के अनुसार चारों व्यक्ति महिला को जीप में डाल कर ले गए और उसके साथ बदसलूकी करने के बाद उसे कुछ दूरी पर फेंक दिया।
संबंधित मामले पर एक पुलिस अधिकारी का कहना है, "हमने शालीमार बाग थाने में मामला दर्ज किया है और दोषियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।" पुलिस को शक है कि दोषी किसी गांव के रहने वाले हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*