देविकी रानी पर क्वीन ऑफ द सिल्वर स्क्रीन पुस्तक का विमोचन
शिमला, 31 मार्च (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में देविका रानी जन्म शताब्दी समारोह के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय रोरिक मेमोरियल ट्रस्ट के डा. एलिना द्वारा लिखित पुस्तक क्वीन ऑफ द सिल्वर स्क्रीन का विमोचन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. देविका रानी, नोबल पुरस्कार प्राप्त रविन्द्र नाथ टैगोर की पौत्री थीं तथा वह अभिनय के क्षेत्र में केवल पुरुषों की भागीदारी के भ्रम को तोड़ते हुए प्रथम महिला अभिनेत्री थी। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय देविका रानी भारत की शान थी, जिन्होंने फिल्म उद्योग में महिला कलाकारों को अपनी कला व योग्यता को प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित किया तथा उनकी पथ प्रदर्शक बनी।
इस अवसर पर रूस के राजदूत वी. आई. त्रुकिनीकोव ने भारतीय फिल्म की पहली महिला की जन्म शताब्दी पर श्रद्धांजलि दी तथा भारतीय सिनेमा के प्रति उनके योगदान को दोहराया। उन्होंने कहा कि देविका रानी रूस में भी प्रसिद्ध थी तथा उन्होंने सांस्कृतिक गतिविधियों को पूरे विश्व में फैलाने के लिए दूत के रूप में काम किया। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय रोरिक आर्ट ट्रस्ट, नग्गर की कला विकास गतिविधियों में गहरी रूचि दिखाने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद किया।
देविका रानी के पौत्र पीटर डिप्ले ने भी बीती यादों को सांझा किया तथा कहा कि उनकी दादी कुल्लू घाटी में रहने में रूचि रखती थी। उन्होंने कहा कि भारत और रूस पुराने मित्र हैं और इस तरह के आयोजनों से दोनों देशों के बीच मित्रता के संबंधों में और प्रगाढ़ता आएगी।
उल्लेखनीय है कि देविका रानी ने बीते समय में अशोक कुमार व दिलीप कुमार सहित कई प्रसिद्ध अभिनेताओं को फिल्म उद्योग में लाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।