नेपाल में मस्जिद में विस्फोट के बाद तनाव (लीड)
काठमांडू, 30 मार्च (आईएएनएस)। नेपाल के औद्योगिक शहर बिराटनगर की एक मस्जिद में शनिवार को हुए बम विस्फोट के बाद रविवार को मुस्लिम समुदाय के लोग सड़कों पर उतर गए। विस्फोट में दो व्यक्तियों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूर्वी नेपाल में साम्प्रदायिक हिंसा फैलने का खतरा पैदा हो गया है।
मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रविवार को सुनसरी जिले के इनरुवा बाजार में परिवहन व्यवस्था ठप कर दी। बिराटनगर प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोईराला का गृह जिला है। घटना के समय प्रधानमंत्री वहां 10 अप्रैल को होन वाले चुनावों के लिए प्रचार कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने शहर की छोटी मस्जिद में तीन बम फेंके।
नेपाल डिफेंस आर्मी नामक एक संगठन ने इसकी जिम्मेदारी ली है। निजी समाचार चैनल कामतापुर टेलीविजन के अनुसार संगठन ने कहा है कि यदि हिंदू धर्म को फिर से नेपाल का राष्ट्रीय धर्म घोषित नहीं किया गया तो और हमले किए जाएंगे।
संगठन ने नेपाल की संविधान सभा के 10 अप्रैल को होने वाले चुनावों के बहिष्कार और मतदान में बाधा डालने की भी घोषणा की है।
संविधान सभा नेपाल के संविधान का पुनर्निमाण करने के साथ राजशाही के अंत की अंतरिम संसद के निर्णय को भी स्वीकृति प्रदान करेगी।
घटना के बाद उग्र भीड़ ने एक यात्री बस पर हमला किया और शहर में दुकानों को बंद करा दिया। पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण स्थापित करने के लिए अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया है। स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के साथ ही हमले की जांच शुरू कर दी है।
राजा ज्ञानेंद्र ने एक जन आंदोलन के दबाव में आकर अप्रैल 2006 में नेपाल को धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र घोषित कर दिया था।
नेपाल की 2 करोड़ 70 लाख की आबादी में मुसलमानों की संख्या केवल पांच प्रतिशत है। यहां कभी धार्मिक तनाव नहीं देखा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*