जिंबाब्वे में मतदान अब तक ठीक ढर्रे पर : पर्यवेक्षक (लीड)
हरारे, 29 मार्च (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे में राष्ट्रपति चुनाव के लिए हो रहे मतदान को पर्यवेक्षकों ने अब तक शांतिपूर्ण करार दिया है। हालांकि उन्होंने मतदान की धीमी गति पर चिंता भी व्यक्त की।
समाचार एजेंसी डीपीए ने एसएडीए चुनाव पर्यवेक्षक मिशन के किंग्सले ममाबोलो के हवाले से बताया, "अब तक यह शांतिपूर्ण है और सब कुछ ठीकठाक है।"
साउदर्न अफ्रीकन डेवलपमेंट कम्युनिटी (एसएडीए) 14 देशों का एक संघ है।
करीब 50 लाख से अधिक मतदाताओं का नाम राष्ट्रपति, संसदीय और स्थानीय चुनावों में वोट देने के लिए दर्ज है।
पिछले 28 वर्षो से सत्तारूढ़ रार्बट मुगाबे को इस बार कड़े मुकाबले का सामना करना पड़ सकता है।
मुगाबे के समक्ष मूवमेंट फार डेमोक्रेटिक चेंज (एमडीसी) के नेता मार्गन स्वांगिराई और निर्दलीय पूर्व वित्तमंत्री सिंबा मेकोनी चुनौती पेश कर रहे हैं।
पूरे देश में करीब 9,000 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक जारी रहेगा।
इन चुनावों में मतदाताओं के समक्ष काफी भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। क्योंकि पहली बार 210 सदस्यीय संसद , 60 सदस्यों की सीनेट और स्थानीय निकायों के लिए एक साथ वोट डाले जा रहे हैं।
मतदान की धीमी गति के लिए भी इन्हीं कारणों को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
जिम्बाब्वे की आर्थिक स्थिति इस समय बहुत खराब हालत में पहुंच चुकी है। महंगाई की दर एक लाख गुना से भी ऊपर पहुंच चुकी है। देश में भोजन, ईंधन और आवश्यक वस्तुओं की भारी किल्लत पैदा हो गई है।
मुगाबे ने सस्ती लोकप्रियता के लिए सन 2000 के बाद गोरों के फार्म हाउस जब्त कर लिए। देश की समस्याओं के लिए मुगाबे की नीतियों को ही जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।