दिल्ली में दहेज के लिए महिला को जलाया, सास-ससुर गिरफ्तार
नई दिल्ली, 29 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के विजय विहार इलाके में दहेज की मांग पूरी न कर पाने पर एक विवाहिता को ससुराल वालों ने जला डाला। पुलिस ने सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार बॉबी को शुक्रवार की देर रात आग लगा कर मार डाला गया। उसकी शादी दो साल पहले टेलर का काम करने वाले कमलेश से हुई थी।
पुलिस ने बताया कि बॉबी की चीख पुकार सुनने के बाद पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ डाला और अंदर प्रवेश किया।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि "वह आग से बिलकुल घिरी हुई थी। लोगों ने किसी तरह आग को बुझाया और पुलिस को बुलाया। "
पुलिस ने उसे 95 फीसदी जली हालत में नजदीक के अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उसे सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया जहां शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि बॉबी ने मृत्यु से पूर्व पुलिस को बयान दिया है। बयान के आधार पर पुलिस ने ससुर परमानंद और सास मिथिलेश को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसका पति घटना के बाद से फरार है।
घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।