रूस ने कोसोवो को हथियार देने के लिए अमेरिका की निंदा की
ब्रसेल्स, 29 मार्च (आईएएनएस)। नाटो में रूस के दूत ने कहा है कि कोसोवो को हथियार देने का अमेरिकी फैसला संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव का सीधा उल्लघंन है।
गौरतलब है कि शांति-सेना के आलावा इस क्षेत्र में हथियार आपूर्ति पर सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1244 द्वारा प्रतिबंध लगा हुआ है।
नाटो में रूसी दूत दमित्री रोगाजिन ने शुक्रवार को कहा कि वह कोसोवो को हथियार देने के अमेरिकी फैसले पर अपनी चिंता जाहिर करते हुए चेतावनी देते हैं कि इससे क्षेत्र में शांति को खतरा पैदा हो गया है।
रोगाजिन ने कहा कि इस निर्णय से वास्तव में सर्बो को मजबूर होकर कोसोवो को स्वतंत्र छोड़ना पड़ेगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश ने 19 मार्च को कोसोवो को हथियार आपूर्ति की अनुमति देते हुए कहा था कि इससे अमेरिकी सुरक्षा मजबूत होगी और विश्व शांति को बढ़ावा मिलेगा।
कोसोवो में रहने वाले 90 प्रतिशत अल्बानिया मूल के लोगों ने 17 फरवरी को एक तरफा रूप से खुद को स्वतंत्र राष्ट्र घोषित कर लिया था। अमेरिका और यूरोपीय संघ के कई देशों ने उसकी संप्रभुता को स्वीकार कर लिया है।
सर्बिया के समर्थक रूस ने कोसोवो को दुनिया के नए देश के रूप में स्वीकार करने से मना कर दिया और संयुक्त राष्ट्र में उसकी सदस्यता पाने के प्रयास का विरोध कर रहा है।
पिछले हफ्ते उत्तरी कोसोवो में सर्बिया से अलग होने के फैसले का विरोध कर रहे सर्बो ने संयुक्त राष्ट्र शांति कर्मचारियों पर हमला किया था। इसमें एक कर्मचारी की मौत हो गई थी और कई सर्ब तथा शांति कर्मचारी घायल हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।