सोनिया ने देश के नाम समर्पित किया ट्यूलिप गार्डन
श्रीनगर, 29 मार्च (आईएएनएस)। श्रीनगर की डल झील में बने इंदिरा गांधी ट्यूलिप गार्डन को संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार को राष्ट्र के नाम समर्पित कर दिया।
पहले इस बगीचे को सिराज बाग के नाम से जाना जाता था। उद्घाटन समारोह के मौके पर सोनिया ने कश्मीर से जुड़ी अपनी पुरानी यादों को भी ताजा किया।
उन्होंने कश्मीर के प्रति जवाहर लाल नेहरू के लगाव के बारे में भी बताया। सोनिया ने कहा, "कश्मीर में फूलों की खेती की अपार संभावना है। यही नहीं कुछ फूल तो कश्मीर की धरती पर ही उग सकते हैं।"
संप्रग अध्यक्ष ने कहा कि पहले की अपेक्षा घाटी में हालात सुधरे हैं। उन्होंने घाटी में अमन-चैन बरकरार रहने की दुआ भी की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने बताया कि इस वर्ष बगीचे में 60 किस्मों के 12 लाख ट्यूलिप पौधे उगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इनमें से नौ लाख पौधें हालैंड से मंगाए गए थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि कुल 50 एकड़ भूमि में इस बगीचे का विस्तार किया जाएगा।
प्रशासन की ओर से इस बगीचे का प्रवेश शुल्क 50 रुपए निर्धारित किया गया है। उद्घाटन समारोह में भाग लेने आई सोनिया ने भी प्रवेश शुल्क का भुगतान किया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।