हर 10वां यूरोपवासी अमेरिका को मानता है सैन्य खतरा
पेरिस, 28 मार्च (आईएएनएस)। यूरोप के पांच बड़े देशों के हर दसवें नागरिक का मानना है कि अमेरिका उनके देश के लिए संभावित सैनिक खतरा है।
फ्रांस के टेलीविजन चैनल 24 और समाचार पत्र द इंटनेशनल हेराल्ड ट्रिब्यून के संयुक्त सर्वेक्षण में शुक्रवार को यह सामने आया कि जर्मनी और ब्रिटेन के 14 प्रतिशत नागरिक अमेरिका को खतरा मानते हैं।
अमेरिका को अपने देश के लिए खतरा मानने वालों की संख्या स्पेन में 13 प्रतिशत, फ्रांस में 11 और इटली में 10 फीसदी है।
स्पेन के आलावा सभी देशों के नागरिकों का मानना है कि ईरान से उनके देश को सबसे अधिक सैनिक खतरा है। अमेरिका में यह संख्या 53, फ्रांस में 45 और ब्रिटेन में 42 प्रतिशत है, जबकि स्पेन के लोगों का मानना है कि इराक युद्ध ईरान से अधिक बड़ा खतरा है।
अमेरिका और ब्रिटेन के करीब 33 फीसदी लोग रूस को सैनिक खतरे के रूप में देखते हैं। जर्मनी और फ्रांस में यह प्रतिशत क्रमश: 24 और 20 है।
सर्वेक्षण में भाग लेने वाले अधिकतर लोगों का मानना था कि नाटो बना रहना चाहिए। जर्मनी में इसके पक्ष में सबसे ज्यादा 67 प्रतिशत और स्पेन में सबसे कम 51 प्रतिशत लोग हैं।
यूरोपीय देशों के अधिकतर लोगों ने पूर्वी यूरोप के पोलैंड और चेक गणराज्य में मिसाइल रोधी सुरक्षा व्यवस्था की तैनाती का विरोध किया है। इस विचार के विरोध में सबसे अधिक जर्मनी के लोग (71 प्रतिशत) हैं। इसके बाद स्पेन (61 प्रतिशत) और फ्रांस (58 प्रतिशत) का स्थान है।
सर्वेक्षण में 27 फरवरी से 6 मार्च के बीच करीब 6,500 लोगों से सम्पर्क किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**