गांधीवादी सत्याग्रह हो रहा है इटली में लोकप्रिय
ब्रसेल्स, 28 मार्च (आईएएनएस)। इटली के प्रमुख राजनीतिज्ञ और यूरोपीय संघ के सदस्य मार्को पैनेला का कहना है कि वह समस्याओं के समाधान के लिए महात्मा गांधी के सत्याग्रह के अहिंसक मार्ग को अपनाने को ही तरजीह देते हैं।
ट्रांसनेशनल रेडिकल पार्टी (टीआरपी) के अध्यक्ष पैनेला सत्याग्रह कर कई बार जेल जा चुके हैं। उनका कहना है कि अहिंसा आज की समस्याओं का एक वैकल्पिक समाधान हमारे सामने रखती है। यह राजनीतिक और सांस्कृतिक तौर दृष्टि से क्रांतिकारी समाधान उपलब्ध करवाती है।
पैनेला के अनुसार उनके द्वारा सत्याग्रह का मार्ग अपनाए जाने के दूरगामी परिणाम हुए और इटली के राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य में सत्याग्रह को बहुत गंभीरता से लिया जा रहा है।
उनका दल टीआरपी भी अहिंसावादी तरीके से समस्याओं के समाधान की पैरवी करता है और उसके साथ अनेक नागरिक, संसद सदस्य एवं राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले लोग जुड़े हैं।
गौरतलब है कि टीआरपी इटली के किसी चुनाव में शिरकत नहीं करता और वह केवल गांधीवादी तरीके से परिवर्तन के प्रयास करता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।