कर्ज माफी की घोषणा के बाद किसानों की ऐतिहासिक आत्महत्याएं : भाजपा
नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि जिस आम बजट के जरिए किसानों की कर्ज माफी की घोषणा को केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के घटक दल ऐतिहासिक बताकर जनता की वाहवाही लूटने का प्रयास कर रहे थे, उस आम बजट की घोषनाओं ने अब अपना रंगा दिखाना शुरू कर दिया है।
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि कर्ज माफी के सरकारी झांसे की पोल खुल चुकी है। किसानों की आत्म हत्याएं बदस्तूर जारी है। पिछले 15 दिनों में विदर्भ क्षेत्र के 75 किसान आत्म हत्या करने को मजबूर हुए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि सरकारी घोषणा से संकट में फंसे किसानों को कोई राहत नहीं मिली है।
जावड़ेकर ने कहा कि वास्तव में 60 हजार करोड़ रुपये की कर्जमाफी के लिए सरकार केवल 10 हजार रुपये उपलब्ध करा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार के इस झांसे की पोल तब और खुलेगी जब रिजर्व बैंक द्वारा इस संबंध में दिशा निर्देश जारी किया जायेगा।
वर्तमान कृषि संकट के लिए उन्होंने सरकार की गलत नीतियों का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों के उपज का लाभकारी मूल्य नहीं मिलेगा और चार फीसदी ब्याज दर पर उन्हें ऋण उपलब्ध नहीं कराया जायेगा तब तक न तो किसानों की आत्म हत्याएं रूकेंगी और न ही कृषि संकट दूर होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे