राजग मुख्यमंत्रियों की बैठक में बनेगी चुनावी रणनीति
नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी द्वारा शनिवार को बुलाई गई राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में जहां आगामी विधानसभा और लोकसभा के चुनावों की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जायेगा वहीं इस दौरान सभी मुख्यमंत्री अपने कार्यो का लेखा-जोखा भी प्रस्तुत करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने बताया कि आडवाणी के निवास पर शनिवार को सुबह 11 बजे से दो बजे तक यह बैठक होगी। उन्होंने बताया कि इस बैठक में भाजपा शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्रियों के अलावा राजग गठबंधन के मुख्यमंत्री भी शिरकत करेंगे।
उल्लेखनीय है कि गुजरात, मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तरांचल और हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकारें हैं जबकि बिहार में जनता दल युनाइटेड के साथ, पंजाब में अकाली दल के साथ और उड़ीसा में बीजू जनता दल के साथ उसकी गठबंधन सरकार है।
जावड़ेकर ने बताया कि यूं तो नागालैंड और मेघालय में भी भाजपा गठबंधन की सरकार है लेकिन औपचारिक तौर पर वह राजग के घटक दल नहीं है। उन्होंने बताया कि बैठक में विचार किया जायेगा कि राजग शासित राज्यों में कितना सुराज और सुशासन है। उल्लेखनीय है कि आडवाणी ने पूर्व में कई दफा अपने भाषणों में राजग शासित राज्यों में सुराज और सुशासन का दावा किया था।
जावड़ेकर के मुताबिक बैठक के केंद्र बिन्दु में आगामी लोकसभा चुनावों की रणनीति होगी। बैठक में राजग के संयोजक जार्ज फर्नाडीज और भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह भी शामिल रहेंगे। वरिष्ठ भाजपा नेता सुषमा स्वराज राजग मुख्यमंत्रियों के साथ सम्नवय करेंगी।
सूत्रों के मुताबिक चुनावी राज्यों के मुख्यमंत्री अपनी चुनावी तैयारियों के बारे में बतायेंगे और साथ ही अपनी उपलब्धियां भी गिनायेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*