ब्रिटेन में अवैध आव्रजन पर लग सकता है 10 साल का प्रतिबंध
चंडीगढ़, 28 मार्च (आईएएनएस)। अवैध रूप से ब्रिटेन आने जाने वालों को होशियार हो जाना चाहिए क्योंकि बाद में इसका वैध प्रयास करने पर भी ब्रिटिश सरकार इन पर दस वर्षो का प्रतिबंध लगा सकती है।
यह जानकारी यहां ब्रिटेन के उप उच्चायुक्त क्रेआन बटलर द्वारा दी गई। उन्होंने कहा कि हाल ही में देश के आव्रजन संबंधी कानूनों में जो परिवर्तन किए गए हैं वे आव्रजन को हतोत्साहित करने के लिए नहीं वरन उसे और पारदर्शी बनाने के लिए किये गए हैं।
बटलर ने कहा, "हम चाहते हैं केवल वैध तरीके से आव्रजन हो। इसलिए हमने कानूनों में कुछ परिवर्तन किये हैं। हम सुनिश्चित करना चाहते हैं कि अवैध आव्रजन न हो।"
उन्होंने कहा कि अवैध आवाजाही रोकने का एक तरीका यह भी है कि उन्हें तुरंत वापस भेज दिया जाए।
गौरतलब है कि ब्रिटेन से लगभग 200 अवैध प्रवासियों को हर महीने भारत भेजा जा रहा है।
बटलर ने बताया कि अवैध रूप से आव्रजन करने वालों के लिए कई दंडों की व्यवस्था की गई है जिसमें दस सालों का प्रतिबंध भी शामिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।