हरियाणा विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री चौटाला की निंदा
चंडीगढ़, 28 मार्च (आईएएनएस)। हरियाणा विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला को बजट सत्र के दौरान सदन को गुमराह करने का आरोप सिद्ध होने पर आज निंदा का सामना करना पड़ा।
चौटाला के बयान की जांच करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष ने 14 मार्च को मंत्रियों और विधायकों की एक समिति गठित की थी। समिति ने सदन में शुक्रवार को रिपोर्ट पेश की, जिसमें चौटाला को सदन को गुमराह करने का दोषी पाया गया।
हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुडा ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य विधानसभा के इतिहास में पहली बार किसी विधायक को घुड़की दी गई। उन्होंने कहा कि चौटाला को नैतिकता के आधार पर विधायक पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
गौरतलब है कि देवीलाल के मुख्यमंत्री के कार्यकाल (1987-88) के दौरान किसानों की लंबी और छोटी अवधि के कर्ज माफी के संबंध में चौटाला ने बयान जारी किया था।
इसका विरोध कांग्रेस के विधायकों ने यह कहते हुए किया था कि चौटाला सदन को गुमराह कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।