नेपाल में तिब्बतियों का यूएन मुख्यालय पर प्रदर्शन
काठमांडू, 28 मार्च (आईएएनएस)। नेपाल स्थित संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के मुख्यालय की दीवार फांदकर किशोर तिब्बती प्रदर्शनकारियों ने तिब्बत में चीनी दमन के विरोध में आज प्रदर्शन किया।
काठमांडू, 28 मार्च (आईएएनएस)। नेपाल स्थित संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के मुख्यालय की दीवार फांदकर किशोर तिब्बती प्रदर्शनकारियों ने तिब्बत में चीनी दमन के विरोध में आज प्रदर्शन किया।
पुलिस ने यूएन मुख्यालय के पास शुक्रवार दोपहर तक 64 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया। नेपाल में स्थित संयुक्त राष्ट्र के कार्यालय के प्रवक्ता जॉन ब्रिटेन ने कहा कि नेपाल के अधिकारियों से किशोर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कड़े कदम नहीं उठाने को कहा गया है।
यूएन प्रवक्ता के अनुसार सुबह करीब 10 बजे किशोर प्रदर्शनकारियों ने यूएन मुख्यालय की दीवार को फांदा और "स्वतंत्र तिब्बत" का नारा लगाया।
संयुक्त राष्ट्र के इस अधिकारी ने कहा कि यह तिब्बत में विभिन्न मसलों पर हो रहे अभियान का एक हिस्सा है। इन तिब्बती किशोर प्रदर्शनकारियों को यूएन मुख्यालय में दिन का भोजन दिया गया और एक फिल्म दिखायी गई।
इसके बाद इन प्रदर्शनकारियों ने यूनाइटेड नेशंस चिल्ड्रेंस फंड (यूनीसेफ) और संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयुक्त सहित संयुक्त राष्ट्र (यूएन) की कई एजेंसियों से बात की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नेपाल पुलिस धमकी का सहारा ले रही है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को धमकी दी है कि उनके द्वारा और रैली करने पर पैर तोड़ दिए जाएंगे और उन्हें चीन को प्रत्यर्पित कर दिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।