महाराष्ट्रः सभी दलों का शक्ति परीक्षण

विपक्षी दलों के बीच तालमेल की कमी से विधान परिषद चुनाव निर्विरोध नहीं हो सका. इसके चुनाव मैदान में उतरे सभी 10 प्रत्याशियों के डटे रहने से मतदान कराने की आवश्यकता पड़ गई है. इन प्रत्याशियों में कांग्रेस की ओर से सदन के सभापति शिवाजी राव देशमुख के अलावा सुधाकर गंगाणे और जयप्रकाश छाजेड़्र, राकांपा की ओर से प्रदेश के उद्योग राज्य मंत्री राणा जगजीतसिंह पाटील, हेमन्त टकले और संजय पाटील तथा शिवसेना की ओर से नीलम गोरे और किरण पावसकर के अलावा सदन में विपक्ष एवं भाजपा के नेता पांड़ुरंग फुडंकर और भाजपा के प्रदेश महासचिव विनोद तावडे शामिल हैं.
मतदान कल विधान भवन परिसर में पूर्वाह्न नौ बजे से शाम चार बजे तक कराया जाएगा. मतदान गुप्त होगा. मतदान के तुरन्त मतगणना करायी जाएगी और शाम तक परिणाम घोषति हो जाने की संभावना है. राजनीतिक प्रेक्षकों के अनुसार विधान परिषद चुनाव में जीतने के लिए किसी भी प्रत्याशी को प्रथम वरीयता के 29 मतों की दरकार है.
विधान सभा की दलीय स्थिति के मद्देनजर विपक्ष के किसी एक प्रत्याशी की जीत संदिग्ध है.शिवसेना और भाजपा को एक दूसरे से आशा थी कि उनका एक प्रत्याशी पर्चा वापस ले लेगा और चुनाव निर्विरोध सम्पन्न हो जाएगा. पर ऐसा नहीं हो सका. राज्य में सत्तारूढ़ लोकतांत्रिक मोर्चा में शामिल कांग्रेस तथा राकांपा को पूरी आशा है कि उसके सभी प्रत्याशी सहयोगी दलों तथा निर्दलीय और अन्य के अतिरिक्त समर्थन की बदौलत जीत जाएंगे.
विधान सभा में कांग्रेस के 75, राकांपा के 71, शिवसेना के 56, भाजपा के 54, जनसुराज पार्टी के चार, शेतकरी कामगार पक्ष के दो, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के तीन तथा रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले), अखिल भारतीय सेना, स्वतंत्र भारत पक्ष और भारतीय रिपब्लिकन पार्टी बहुजन महासंघ के एक-एक सदस्य हैं.
जबकि 19 निर्दलीय हैं. विधान परिषद की जिन नौ सीटें के लिए चुनाव कराया जा रहा है उन पर अभी काबिज सदस्यों में सदन के सभापति शिवाजीराव देशमुख, सुधाकर गंगाणे और शरद रणपिसे (सभी कांग्रेस), प्रदेश के शिष्टाचार राज्य मंत्री राणा जगजीत सिंह पाटील और सदाशिव (दोनों राकांपा), मधुकर सरपोतदार तथा डा. नीलम गोरहे (दोनों शिवसेना) तथा सदन में विपक्ष एवं भाजपा के नोता पांड़ुरंग फुडंकर और भजपा के प्रदेश महासचिव विनोद तावडे शामिल हैं.
इन सभी की सदस्यता का मौजूदा कार्यकाल आगामी 24 अप्रैल को समाप्त होगा.


Click it and Unblock the Notifications
