शीतलहर को भी प्राकृतिक आपदा माना जाए : सुषमा
नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मंदसौर में अफीम की खेती करने वाले किसानों की उपज पाले व शीतलहर के कारण बर्बाद हो जाने का मामला आज राज्य सभा में उठा।
राज्यसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उपनेता सुषमा स्वराज ने यह मामला उठाया और केंद्र सरकार से मांग की कि शीतलहर को भी प्राकृतिक आपदा में शुमार किया जाये ताकि इसकी चपेट से बर्बाद होने वाले फसलों को उगाने वाले किसानों को राहत मिल सके।
इसकी जानकारी देते हुए सुषमा ने बताया कि मध्यप्रदेश के मंदसौर में बड़ी संख्या में अफीम की खेती होती है। लेकिन इस बार यह फसलें शीतलहरी की चपेट में आने के कारण बर्बाद हो गई हैं। इसलिए अफीम की खेती करने वाले किसानों की हालत बेहद नाजुक है और वह आत्म हत्या को मजबूर हो रहे हैं।
सुषमा ने ऐसे प्रभावित किसानों को राहत दिए जाने की मांग की है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि शीतलहरी को भी प्राकृतिक आपदा माना जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि चूंकि अफीम की खरीदारी केंद्र सरकार सीधे राज्यों से करता है इसलिए इस नियम को भी लचीला बनाया जाए ताकि राज्य सरकारें अफीम की उपज को कहीं और बेच सकें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।