कंट्री क्लब ने खरीदी 96 करोड़ की संपत्ति
मुंबई, 19 मार्च (आईएएनएस)। देश में मनोरंजन और पर्यटन क्लबों की श्रृंखला चलाने वाले संघ कंट्री क्लब इंडिया लिमिटेड ने पिछले दो महीनों में चेन्नई, पुणे, नई दिल्ली, कोचीन और कोलकाता शहरों में 96 करोड़ रूपये (दो करोड़ 30 लाख डालर) की संपत्तियां खरीदी हैं।
कंपनी द्वारा मुंबई स्टाक एक्सचेंज को दी गई जानकारी के अनुसार यह खरीद उसके नीतिगत विस्तार का हिस्सा है। कंपनी ने अहमदाबाद, वडोदरा और सूरत में भी संपत्तियां खरीदी हैं।
कंपनी के अध्यक्ष वी. राजीव रेड्डी ने एक वक्तव्य में कहा, "जिन संपत्तियों की खरीददारी की गई है उनमें से ज्यादातर पहले से क्लब के रूप में स्थापित हैं या फिर उन्हें इस तरह के क्लब बनाने के लिए खरीदा गया है।"
कंपनी के देशभर में 33 ऐसे केंद्र हैं जहां मनोरंजन और पर्यटन की सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसने हाल ही में हैदराबाद में अपना पहला स्पा खोला है और जल्द ही मुंबई, बंगलौर और चेन्नई में भी यह स्पा खोलने जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।