15 राज्यों में उच्च शिक्षा दर राष्ट्रीय औसत से भी कम
नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनसंख्या का केवल नौ फीसदी हिस्सा उच्च शिक्षा प्राप्त करता है और आधे से ज्यादा राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों का औसत इससे भी कम है।
सेंट्रल एडवाइजरी बोर्ड आन एजुकेशन (सीएबीई) द्वारा जारी एक रपट के अनुसार उच्च शिक्षा प्राप्त करने वालों के मामले में 15 राज्य और केंद्रशासित प्रदेश ऐसे हैं जिनका औसत राष्ट्रीय औसत से बेहद कम है।
इस रपट के अनुसार उच्च शिक्षा दर में क्षेत्रीय आधार पर कई असमानताएं हैं। रपट के अनुसार, "चंडीगढ़ जैसे केंद्रशासित प्रदेश में उच्च शिक्षा दर 29 फीसदी है लेकिन जम्मू कश्मीर और नगालैंड जैसे राज्यों में यह दर केवल 5 फीसदी है।"
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अध्यक्ष सुखदेव थोराट के अनुसार इस स्थिति के लिए क्षेत्रीय असामनता के बजाय गरीबी-अमीरी का फर्क है। उन्होंने कहा, "संपन्न इलाकों में उच्च शिक्षा दर 27 फीसदी है जबकि ग्रामीण इलाकों में यह दर 7-8 फीसदी है।"
उच्च शिक्षा दर में सबसे पीछे होने वाले राज्यों में उड़ीसा (8.71 फीसदी), उत्तर प्रदेश (7.03 फीसदी), मध्य प्रदेश (7.77 फीसदी) और पश्चिम बंगाल (8.21 फीसदी) शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।