स्कार्लेट मामला राज्य सभा में उठा

भाजपा की वरिष्ठ सदस्य सुषमा स्वराज ने शून्य काल के दौरान यह मामला उठाते हुए कहा कि स्कार्लेट की मां ने प्रधानमंत्री को पत्र लिख कर इस मामले की सीबीआई से जांच करने की मांग की है. श्रीमती स्वराज ने ऐसी घटनाओं को देश की छवि बिगाडने वाली बताते हुए कहा कि यदि इस मामले की सीबीआई जांच से स्कार्लेट की मां को संतोष होता है तो सरकार को यह मांग मान लेनी चाहिए.
भाजपा सदस्य ने कहा कि पुलिस इस घटना को समुद्र में डूब कर मरने का मामला बता रही है लेकिन शव परीक्षण करने वाले डाक्टर का ताजा बयान चौकाने वाला है कि उसने पहले दिन ही इसे हत्या का मामला करार दिया था. मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी माकपा की वृंदा करात और कांग्रेस के पी जे कुरियन समेत तमाम सदस्यों ने इस घटना की सीबीआई जांच की मांग का समर्थन किया.
सरकार की ओर से हस्तक्षेप करते हुए संसदीय कार्य राज्य मंत्री सुरेश पचौरी ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया पर कहा कि प्रधानमंत्री को सीबीआई जांच की मांग संबंधी जानकारी अखबारों से मिली है पर अभी उन्हें ऐसा कोई पत्र प्राप्त नहीं हुआ है.
श्री पचौरी ने कहा कि केंद्र सरकार स्थापित नियमों और प्रक्रियों के तहत इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगी.


Click it and Unblock the Notifications
