मुफ्त में मराठी सिखाएंगे राज ठाकरे

दक्षिणी मुम्बई के मनसे जिला अध्यक्ष अरविंद गावड़े ने बताया कि मराठी राज्य की आधिकारिक भाषा है और महाराष्ट्र से बाहर के लोगों को इस भाषा में बोलना तो आना ही चाहिए. अरविंद मुम्बई के कोलाबा, गिरगांव और चिराबाजार में मराठी सिखाने की जिम्मेदारी ले रहे हैं. पिछले कुछ अर्से से यहां गैरमराठियों की संख्या में अच्छी खासी बढ़ोत्तरी हुई है.
मनसे की योजना मार्च से इस तरह की कक्षाएं शुरू करने की है. अरविंद ने बताया कि सप्ताह में तीन कक्षाएं होंगी और अगर मांग होती है तो भाषा सीखाने के दिन बढ़ाए भी जा सकते हैं. कुछ दिनों पहले राज ठाकरे ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हुई एक बैठक के दौरान कहा था कि वे चाहते हैं कि गैर मराठी इस भाषा को सीखें. अब मराठी भाषा सीखाने की यह योजना राज ठाकरे के उसी विचार का परिणाम है.
ज्ञात हो कि 'मराठी" और 'गैर मराठी" के विवाद के चलते 3 फरवरी को शिवाजी पार्क में समाजवादी पार्टी की एक रैली में भाग लेने वाले कुछ उत्तर भारतीयों की मनसे कार्यकर्ताओं ने पिटाई कर दी थी. जिसके बाद यह हिंसा महाराष्ट्र राज्य के अन्य हिस्सों में भी फैल गई थी.


Click it and Unblock the Notifications