जोधा-अकबर मामले में सेंसर बोर्ड को नोटिस
चंडीगढ़ 20 फरवरीः चंडीगढ़ की एक अदालत ने हाल ही में रिलीज़ हुई ऋतिक, ऐश्वर्य अभिनीत फिल्म जोधा-अकबर में इतिहास को कथित तौर पर तोड़ मरोड़ कर पेश करने और फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने को लेकर दायर याचिका पर केंद्रीय फिल्म सेंसर बोर्ड सहित पांच पक्षों को आज नोटिस जारी किए.
न्यायाधीश प्रवीन कुमार लाल ने अखिल भारतीय राजपूत अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष और याचिकाकर्ता अरविंद ठाकुर की इस याचिका पर सुनवाई करते हुए सेंसर बोर्ड के अलावा फिल्म निर्माता रोन्नी स्क्रियूवाला, निर्देशक आशुतोष गोवारीकर, फिल्म निर्माता कम्पनी यूटीवी सॉफ्टवेयर लि. तथा फिल्म का प्रदर्शन करने वाले एक स्थानीय सिनेमा को अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किए.
अदालत ने मामले की अगली तारीख तीन अप्रैल निर्धारित की है. ठाकुर ने कल दायर अपनी शिकायत में फिल्म के कथानक पर आपत्ति तथा इससे सामुदायिक वैमनस्य फैलने और शांति भंग होने की आशंका व्यक्त करते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की थी.
उन्होंने कहा कि फिल्म में जो कुछ दिखाया गया है उसका इतिहास में कहीं जिक्र नहीं है. अदालत ने इस पर आज सुनवाई निर्धारित की थी. ठाकुर ने इसके अलावा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में भी अलग से शिकायत दर्ज करते हुए फिल्म को पारित करने के लिए केंद्रीय फिल्म सेंसर बोर्ड, फिल्म निर्माता निर्देशक, फिल्म कम्पनी के विरूद्ध कार्रवाई करने की मांग की थी. इस पर अदालत ने सुनवाई के लिए तीन मई की तारीख निर्धारित की है.


Click it and Unblock the Notifications