अमित ने 300 किडनी निकालने की बात स्वीकारी
काठमांडू, 9 फरवरीः किडनी कुमार के नाम से कुख्यात किडनी रैकेट के सरगना डॉ.अमित कुमार ने भारत में करीब 300 किडनी प्रत्यारोपण करने की बात स्वीकार की है. नेपाल के चितवन जिले में सौराहा के एक रिसार्ट से कल गिरफ्तार किये गये अमित के विरूद्ध यहां पुलिस तीन मामले दर्ज करने की तैयारी कर रही है.
मेट्रोपोलिटन पुलिस के अपराध शाखा के प्रमुख वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र कांत अर्याल ने रानीपोखरी में आज पत्रकारों को बताया कि ये मामले में अमित से पूछताछ के बाद तथा मानव अंग प्रत्यारोपण से संबंधित आरोप पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद और इंटरपोल के रेड कार्नर नोटिस के मद्देनजर रविवार को दाखिल किये जायेंगे.
उन्होंने बताया कि अमित ने करीब तीन सौ किडनी प्रत्योरापित करने की बात स्वीकार की है. उसके विरूद्ध अनुमति योग्य रकम से अधिक की विदेशी मुद्रा रखने का मामला भी दर्ज किया जायेगा और बाद में उसे भारतीय पुलिस को सौंपा जा सकता है. उन्होंने बताया कि अमित के कब्जे से नौ लाख 36 हजार भारतीय मुद्रा, एक लाख 45 हजार यूरो और 18 हजार 900 डॉलर बरामद हुआ है.
वहीं डॉ.अमित कुमार ने भारत में 300 किडनी प्रत्यारोपण करने को स्वीकार करते हुये आज स्वयं को निर्दोष बताया और कहा कि उसने किसी के साथ धोखा नहीं किया है. नेपाल पुलिस ने आज कहा कि किडनी रैकेट के सरगना के विरूद्ध तीन मामले दर्ज करने की तैयारी की जा रही है और भारतीय अधिकारियों ने उम्मीद जतायी है कि अमित को यथाशीघ्र उनके हवाले कर दिया जायेगा.
नयी दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने काठमांडु स्थित भारीतय दूतावास के माध्यम से इस मामले को नेपाल सरकार के समक्ष रखा है. केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने पत्रकारों से कहा कि हालांकि नेपाल के साथ प्रत्यर्पण संधि का नवीनीकरण नहीं किया गया है लेकिन अमित के प्रत्यर्पण में कोई कठिनाई नहीं होनी चाहिए.


Click it and Unblock the Notifications