स्कॉटलैंड यार्ड की रिपोर्ट विश्वसनीयः अमरीका

अमरीकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता टॉम केसी ने आज बताया कि इस सनसनीखेज मामले में बाहर से आये स्वतंत्र विशेषज्ञों द्वारा जांच की गयी और बुश प्रशासन इनकी रिपोर्ट को भरोसेमंद मानता है. उन्होंने कहा कि हमारे पास इस रिपोर्ट की वैधता और सच्चाई पर सवाल उठाने का कोई कारण नहीं है.
गौरतलब है कि 27 दिसंबर को रावलपिंडी में एक जनसभा के दौरान आतंकवादी आत्मघाती हमले में श्रीमती भुट्टो की मौत की जांच स्काटलैंड यार्ड के जांच दल से करायी गयी जिसने कल पाकिस्तान सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी.
रिपोर्ट में कहा गया है कि श्रीमती भुट्टो की मौत गोली लगने से नहीं बल्कि गोली चलने के तुरंत बाद हुये आत्मघाती विस्फोट के धमाके से स्वयं को सुरक्षित बचाने के लिये अपनी गाड़ी में नीचे बैठने के दौरान कार की सनरूफ के लीवर से सिर टकरा जाने से आयी गंभीर चोट के कारण हुयी. रिपोर्ट सार्वजनिक किये जाने के तुरंत बाद पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी ने इसे खारिज करते हुये इसकी जांच संयुक्त राष्ट्र से कराये जाने की मांग की.
केसी ने इसे श्रीमती भुट्टो के परिजनों और समर्थकों के लिये भावनात्मक मामला बताते हुये कहा कि स्काटलैंड यार्ड के विशेषज्ञों ने इस बात को समझते हुये निष्पक्ष जांच की और इस रिपोर्ट को विश्वसनीय कहा जा सकता है. रिपोर्ट में वही बात कही गयी है जो पाकिस्तान सरकार द्वारा की गयी शुरूआती जांच में उजागर हुयी थी.


Click it and Unblock the Notifications