तावांग हेलीकाप्टर सेवा की सब्सिडी मंजूर

चीन अरूणाचल प्रदेश की तावांग घाटी के करीब 95 हजार वर्ग किलोमीटर के इलाके पर अपना दावा करता रहा है जिसे भारत गैर कानूनी बताते हुए खारिज कर चुका है. इस इलाके में अक्सर चीनी सेना द्वारा गैर निर्धारित वास्तविक नियंत्रण रेखा के अतिक्रमण की घटनाएं होती रहीं हैं.
प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक में गुवाहाटी से तावांग तक की एमआई 172 हेलीकाप्टर सेवा का 75 प्रतिशत खर्च उठाने का निर्णय लिया गया. सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी ने बताया कि महीने में अधिकतम 52 घंटे की इस सेवा का बाकी 25 प्रतिशत खर्च अरूणाचल प्रदेश सरकार उठाएगी. केंद्र की ओर से यह राशि केंद्रीय गृह मंत्रालय देगा.
अलबत्ता प्रधानमंत्री ने अपने अरूणाचल दौरे से तावांग को अलग रखा है. चीन की सफल यात्रा के बाद दो दिन के दौरे पर अरूणाचल जा रहे डॉ. सिंह का प्रवास राजधानी ईटानगर तक ही सीमित रहेगा. उनके मीडिया सलाहकार संजय बारू ने इस बात की पुष्टि की.


Click it and Unblock the Notifications